RANCHI: राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी को सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि आपके इस नेक कार्य पर मुझे गर्व है। यह मानव सेवा को प्रदर्शित करता है। आपकी तत्परता से एक बच्चे की जान बचाने में जो मदद मिली, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। आपके द्वारा किए गए कार्य मानवता की सेवा की दिशा में अन्य के लिए अनुकरणीय है।
बताते चलें कि शनिवार को झारखण्ड के राज्यपाल के प्रधान सचिव डा. नितिन मदन कुलकर्णी इंडिगो विमान में रांची से नई दिल्ली का सफर कर रहे थे। विमान में यात्रा कर रहे एक दम्पति के छह महीने के बच्चे को श्वास लेने में दिक्कत होने लगी, उसकी तबियत अचानक बिगड़ने लगी।
इंडिगो विमान में एनाउंस किया गया कि इस विमान में यदि कोई चिकित्सक हैं तो बच्चे को देखें। डा. नितिन मदन कुलकर्णी ने उस बच्चे का उपचार शुरु किया। बच्चे की जान बच गई। डा. नितिन मदन कुलकर्णी इलाज के क्रम में उस बच्चे पास काफी देर तक खड़े रहे।
विमान दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंड की। वहां पहले से ही डाक्टर मौजूद थे, बच्चे को देखना शुरु किया। विमान में सवार सभी यात्रियों ने डा. कुलकर्णी की सराहना की। इस दौरान डा. नितिन मदन कुलकर्णी की पत्नी भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी सुमन गुप्ता भी मौजूद थी।