रांची। कोरोना से उत्पन्न वैश्विक संकट में झारखंड सरकार राज्य की जनता के साथ खड़ी है। 3 मई तक बढ़ाये गये लॉक डाउन की वजह से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ-साथ कुछ भ्रम भी फैलाये जा रहें है। सरकार ऐसे फेक न्यूज़ के लिए कठोर कदम उठा रही है। राज्य सरकार झारखण्ड के प्रत्येक नागरिक जो झारखंड में है अथवा झारखंड के बाहर इस कठिन परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। सरकार राज्य के प्रत्येक व्यक्ति के सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ-साथ कोविड 19 के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए इस लॉक डाउन की वजह से कोई भी भूखा न रह जाए इस हेतु हर जरूरतमंद के घर तक राशन पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, द्वारा लोगों तक विभिन्न योजनाओं के तहत राशन एवं खाना पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा प्राप्त आंकड़ो के अनुसार अब तक 1,61,622 लोगों तक अनाज पहुंचा दिया गया है। वहीं नन पीडीएस के तहत 1,93,801 लोगों तक अनाज उपलब्ध करा दिया गया है। दाल भात के विभिन्न योजनाओं में अब तक 53,42,836 लोगों को खाना खिलाया जा चुका है। एन जी ओ एवं वोलेंटियर के 856 टीम द्वारा 23,88,428 लोगों को खाना खिलाया जा चुका है। सरकार द्वरा चलाये जा रहे विभिन्न राहत कैम्पों में 1,58,298 प्रवासी मजदूरों को खाना खिलाया जा रहा है। साथ ही आकस्मिक राहत पैकेट का वितरण भी जरूरतमंदों के बीच किया जा रहा है। अबतक 42,326 लोगों तक विशेष राहत सामग्री के पैकेट पहुंचाये गए हैं।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



