कोडरमा। जिले के प्रसिद्ध पत्थर व्यवसायी व भाजपा नेता सुनील राम (48 ) की मौत रविवार की देर रात सड़क दुर्घटना में हो गई। जानकारी के अनुसार वे डोमचांच के ग्राम खरखार से एक पंचायती करके झुमरीतिलैया बिशनपुर रोड स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान रायडीह मोड़ के पास उनकी कार असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुनील राम स्वयं कार चला रहे थे। घटनास्थल से गंभीर हालत में उन्हें डोमचांच थाना पुलिस ने इलाज के लिए झुमरीतिलैया के पार्वती नर्सिंग होम में भेजा। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि उनकी छाती में गंभीर चोट लगी थी। सुनील राम के आकस्मिक निधन पर पूरे जिले में शोक है। जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं व सामाजिक संगठनों के लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सुनील राम उत्तरी छोटानागपुर पत्थर उद्योग संघ के सचिव भी रहे थे। उनके निधन पर जिले के पत्थर व खदानों कारोबारियों ने सोमवार को अपना व्यवसाय बंद रखा है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



