West Champaran : जिले के योगपट्टी थाना क्षेत्र के नवगांवा गांव में मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान लौकरिया धनुषाटोली निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रंजीत अपने पड़ोस के गांव की एक युवती से प्रेम करता है और उससे विवाह करने के लिए लंबे समय से परिवार और समाज पर दबाव बना रहा था। इसी बीच सोमवार देर रात करीब दो बजे वह अचानक एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से जोर-जोर से शादी कराने की मांग करने लगा।
सुबह होते ही ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी देर तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने किसी तरह रंजीत को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




