RANCHI : झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है और राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया गया है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 2 मई तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मेघ गर्जन और वज्रपात को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान की बात करें तो रविवार को रांची में पारा करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पलामू सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर बोकारो का तापमान 35.2 और जमशेदपुर का 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि संताल परगना के जिलों में तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
मौसम विभाग ने बताया है कि संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही ओलावृष्टि, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
30 अप्रैल को पूरे झारखंड में तेज हवाओं और वज्रपात के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा 1 और 2 मई को भी राज्यभर में गर्जन के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।




