रांची: बोकारो के बाद अब रांची में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। इसको लेकर पशुपालन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। विभाग का कहना है कि करमटोली के पास देसी मुर्गियों की मौत की वजह बर्ड फ्लू है। प्रभावित इलाके में सर्वे कराया जाएगा और एहतियात के तौर पर जरूरी फैसले लिए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, भोपाल की लैब से आई रिपोर्ट में मुर्गियों की मौत की वजह बर्ड फ्लू बताया गया है। प्रभावित इलाके के 10 किलोमीटर के रेडियस में मॉनिटरिंग की जाएगी। इसी के साथ मुर्गियों को भी मारने का आदेश दिया गया है।
बता दें कि इससे पहले बोकारो में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। बोकारो में राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में मुर्गियां लगातार मर रही थीं। इसके बाद जांच के लिए सैंपल लिए गए थे।