रांची। रांची जिला समाहरणालय में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोनाहातू अंचल अधिकारी को कार्य में लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि राजस्व एवं सब-रजिस्ट्रार कार्यालय कर्मी पदाधिकारी, भू-माफियाओं की ओर से किए जा रहे अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इस पर हर हाल में रोक लगाएं। इसके साथ ही जमीन दलालों पर कानूनी रूप से ठोस कार्रवाई करें।
यह भी पढ़े : पेंशन भुगतान में देरी पर झारखंड हाई कोर्ट सख्त, कहा- 40 साल सेवा देने वालों के साथ अन्याय स्वीकार नहीं
इस अवसर पर उन्होंने जनता दरबार में सोनाहातू निवासी प्रकाश कुमार महतो ने नीमडीह मौजा स्थित जमीन के पंजी-2 में सुधार नहीं होने की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को जल्द निष्पादन का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पर प्रपत्र-क गठित किया जाएगा। शहर अंचल निवासी हरि प्रसाद चक्रवर्ती ने म्यूटेशन लंबित रहने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने शहर अंचल अधिकारी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं बेड़ो निवासी तेतरु उरांव की अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान मामले में भू-अर्जन कार्यालय से अद्यतन रिपोर्ट मांगी गई।
जनता दरबार में उपायुक्त ने बिरसा चौक निवासी दिव्यांग पंकज कुमार को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल भी प्रदान किया गया। पंकज ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिली थी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी शिकायतों पर भी संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए तथा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को प्रेरित करने पर जोर दिया। जनता दरबार में दूरदराज से आए ग्रामीणों सहित संबंधित विभागीय कार्यालय के पदाधिकारी कर्मी मौजूद थे।




