Koderma : कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत नवलशाही थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती पंचायत डगरनवां के फुटलाही गांव में शनिवार अहले सुबह जहरीले सांप के काटने से एक 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान सोनिया मुर्मू (25 वर्ष), पति शंकर हेमर्म के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनिया मुर्मू अपने घर के फर्श पर सो रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटते ही वह चिल्लाने लगी, जिसके बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड स्थित बेलाटांड अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नवलशाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और शव ले जाने का विरोध करने लगे।
हालांकि, पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।
इधर, घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।




