New Delhi: निंगबो के एनबीएक्स सेलिंग सेंटर में गर्ल्स डिंगी -आईएलसीए4 में 17 वर्षीय नेहा ठाकुर ने मंगलवार को यहां रजत पदक जीतने के साथ एशियाई खेलों की नौकायन प्रतियोगिता में भारत का खाता खोला। 12वीं पास छात्रा मध्य प्रदेश के देवास जिले के अमलताज गांव में जन्मी नेहा एक मध्यम वर्गीय परिवार से आती हैं। उनके पिता मुकेश कुमार ठाकुर एक किसान हैं जबकि उनकी मां रीना ठाकुर एक गृहिणी हैं।
नेहा ने बहुत कम उम्र में नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल, मध्य प्रदेश से नौकायन शुरू किया था, इस श्रेणी में 11 दौड़ के बाद थाइलैंड की नोपासोर्न खुनबूनजान के बाद दूसरे स्थान पर रही। 10वीं रेस के अंत में नेहा का नेट स्कोर (पेनल्टी पॉइंट) 23 था, जबकि थाई नाविक का नेट स्कोर 14 था। कोरिया गणराज्य की जेकयॉन्ग सियोल का नेट स्कोर 27 था और वह तीसरे स्थान पर रही।
ये भी पढ़ें : –अल्पसंख्यक आयोग के नव नियुक्त सदस्य ने संभाला पदभार, जिम्मेदारी पर खरा उतरने का दिलाया भरोसा
मंगलवार को 11वीं रेस में नेहा चौथे स्थान पर रहीं और 4 रेस पॉइंट हासिल किये, जबकि थाई खिलाड़ी सिंगापुर की केइरा मैरी कार्लाइल के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। कोरिया की सियोल 11वीं रेस में तीसरे स्थान पर रहीं, लेकिन उनकी बढ़त नेहा को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंचने के लिए पर्याप्त नहीं थी। भारतीय नौकायन महासंघ के महासचिव कैप्टन जितेंद्र दीक्षित ने कहा कि उन्होंने शानदार नौकायन किया और एशियाई खेलों में देश के लिए अपना पहला पदक जीता।