खूंटी। खूंटी जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा आम्रेश्वर धाम कार्यालय के सभागार में रविवार को बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में धाम परिसर में वर्षभर मनाए जाने वाले विभिन्न धार्मिक एवं राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतीय नववर्ष को धाम परिसर में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसके अलावा महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष अनुष्ठान, पूजा-अर्चना एवं मंदिर प्रांगण की आकर्षक सजावट की जाएगी। वहीं रामनवमी और दुर्गा पूजा जैसे प्रमुख पर्वों में समिति के सभी सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस को भी समिति के सभी सदस्यों के साथ मिलकर उत्साहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विशेष रूप से श्रावण माह के दौरान बाबा आम्रेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्था की समीक्षा की गई। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा श्रावणी मेले के सफल संचालन के लिए कार्यक्रम संचालन समिति एवं विभिन्न उपसमितियों का गठन किया गया।
इसके तहत मंदिर प्रभारी, पूजा प्रभारी, मेला प्रभारी, सफाई एवं विद्युत प्रभारी, निगरानी समिति सहित अन्य आवश्यक समितियों का गठन किया गया, जो श्रावण मास के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी और संचालन करेंगी।
बैठक में उपाध्यक्ष रमेश मांझी, उपेंद्र कश्यप, दानियाल भगत, प्रेमचंद महतो, जगदीश नाग, सह-कोषाध्यक्ष श्रीपाल जैन, महामंत्री मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष संतोष पोद्दार, मंत्री कैलाश भगत, महेंद्र कश्यप, अंकेक्षक जगदीश मिश्रा सहित प्रबंध समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
समिति अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबा आम्रेश्वर धाम झारखंड की आस्था का प्रमुख केंद्र है और श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी सदस्यों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया गया।






