KHALADI : बुढ़मू एवं केरेडारी थाना की सीमा पर बसे उग्रवाद प्रभावित लोदांबेड़ा व बरूबेदा गांव में खलारी पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक महत्वपूर्ण जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया। खलारी के पुलिस उपाधीक्षक रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में शुक्रवार को दोनों गांवों के जरूरतमंद परिवारों के बीच गर्म कंबल का वितरण किया गया। बढ़ती ठंड और गांव की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए यह पहल ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आई।कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपाधीक्षक रामनारायण चौधरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर कमजोर वर्ग तक सहयोग और भरोसा पहुंचाना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है, ताकि गांव उग्रवाद और असामाजिक गतिविधियों से मुक्त होकर विकास की ओर आगे बढ़ सकें।उन्होंने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की कड़ी सलाह देते हुए कहा, “नशा परिवार को तोड़ता है, युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलता है। नशीले पदार्थों की खेती या व्यापार पूरी तरह अवैध है और इसमें लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आप सभी अपने बच्चों को सही दिशा दें और गांव में नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करें।” खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी ने उग्रवाद से दूरी बनाने की भी अपील की। उन्होंने कहा, “उग्रवादी संगठन विकास के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा हैं। गांव के युवा किसी भी भ्रामक प्रचार या दबाव में न आएं। प्रशासन हर संभव सहायता और सुरक्षा के लिए आपके साथ खड़ा है।”
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति व सुरक्षा कायम रखने के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है। कंबल वितरण से ग्रामीणों में खुशी और पुलिस के प्रति विश्वास दोनों बढ़े।
इस पहल को इलाके में पुलिस–जन संबंध मजबूत करने तथा उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



