RANCHI : राज्य में ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है और आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने रविवार को दी।
अभिषेक आनंद ने बताया कि इस माह राज्य भर में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। फिलहाल राज्य के कई जिलों में दिन के समय आंशिक बादल छाए रहेंगे। दिन में हल्की गर्मी का एहसास होगा, जबकि सुबह और शाम में लोगों को ठंड महसूस होगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 29.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। दोपहर में हल्की गर्मी महसूस की गई, जबकि सुबह और शाम में ठंड का एहसास हुआ।
रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11. 6 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 28.8 और न्यूनतम 14.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 28.4 न्यूनतम 9.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 और न्यूनतम 12.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


