खूंटी। स्वामी दयानन्द नेत्रालय में शनिवार को स्वर्गीय रूपी सोरेन की स्मृति में श्रद्धांजलि सेवा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 17 मरीजों का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण किया गया।
यह भी पढ़े : छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण, सफाई और सुरक्षा के दिए निर्देश
नेत्रालय में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में अरविन्द नेत्रालय, मदुरै के फेलोशिप प्राप्त चिकित्सक डॉ. समुएल अमन टोपनो ने मरीजों का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को काला चश्मा, दवाइयां और भोजन उपलब्ध कराया गया। साथ ही मरीजों के बीच साड़ी का वितरण भी किया गया।
इस दौरान मरीजों ने अपनी भाषा मुंडारी में सहयोग मिलने और नेत्रालय के कर्मचारियों के आत्मीय व्यवहार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में आत्माराम फाउंडेशन, रांची और विश्व जागृति मिशन, नई दिल्ली ने सहयोग किया।
नेत्रालय के निदेशक डॉ निर्मल सिंह ने बताया कि रूपी सोरेन गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहती थीं। उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य आयोजित किया गया। प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी उनकी स्मृति में ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे।



