पलामू। जिले के मनातू थाना क्षेत्र में शनिवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। पदमा सूर्य मंदिर के पास एक नाबालिग अपने नाबालिग प्रेमी से शादी करने की जिद में करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लड़की टावर पर चढ़कर गांव के ही प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। इस दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई।
यह भी पढ़े : रूपी सोरेन की स्मृति में 17 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन
मामले में परिजन और ग्रामीणों के काफी समझाने के बावजूद भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। हालांकि प्रेमी के समझाने पर वह नीचे उतर गयी।
सुबह करीब 11.30 बजे नाबालिग अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसे इतनी ऊंचाई पर चढ़ा देख परिजनों और ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए। लोगों ने काफी देर तक उसे समझाने और नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन किशोरी अपनी जिद पर अड़ी रही।
उसकी मांग थी कि गांव के जिस नाबालिग लडके से वह प्रेम करती है, उसी से उसकी शादी कराई जाए। घटना की सूचना मिलने पर मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी नाबालिग को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया।
हालांकि, नाबालिग अपनी मांग पूरी होने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। इसके बाद उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया गया। किशोर ने भी उसे नीचे उतरने के लिए समझाया।
परिजनों और ग्रामीणों ने शादी कराने की बात कही, जिसके बाद नाबालिग नीचे उतरने के लिए राजी हुई। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद नाबालिग सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।



