पटना। मुख्यंमत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नालंदा जिले में राजगीर खेल अकादमी एवं खेल विश्वविद्यालय में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में नवनिर्मित इंडोर हॉल संख्या-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट एवं हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का भी अनावरण कर जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने राज्य खेल अकादमी में खिलाड़ियों को उपलब्ध होने वाली सुविधाओं के साथ-साथ यहां संचालित ब्वॉयज और गर्ल्स हॉस्टल में दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला में चौथे लैब की आज शुरुआत की और उनका निरीक्षण किया।
यह भी पढ़े : प्रशासन अपहृत युवती को करें सकुशल बरामद : रंगनाथ महतो
मुख्यमंत्री ने राजगीर में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2025 की तैयारियों को भी देखा। निरीक्षण के दौरान वहां उपस्थित खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तो मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्द्धन किया। उन्होंने कहा कि आप लोग खूब मेहनत करें। अच्छे से प्रैक्टिस करें और आगे बढ़ें। राज्य खेल अकादमी में खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधा का इंतजाम किया गया है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2025 का बेहतर ढंग से आयोजन हो, इसका सभी लोग ध्यान रखें।
उन्होंनेे यहां बिहार पुलिस अकादमी के पासिंग आउट परेड ग्राउंड और बिहार पुलिस अकादमी का भी निरीक्षण किया। यहां पुलिस के लिए वर्दी सिलाई करनेवाली जीविका दीदियों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस अकादमी का निर्माण बेहतर ढंग से कराया गया है और सारी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। यहां प्रशिक्षण की अच्छी व्यवस्था की गई है। बिहार पुलिस के कर्मचारी व अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्य का संचालन बेहतर ढंग से कराते रहें।