मंदसौर। जिले का गांधी सागर अभयारण्य चीतों का नया घर बनने जा रहा है। कूनो नेशनल पार्क से लाए गए दो नर चीतों प्रभास और पावक को 20 अप्रैल को यहां छोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव शाम 4 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे। वन विभाग ने चीतों के लिए 8900 हेक्टेयर का विशेष क्षेत्र तैयार किया है। विभाग ने यहां 8 से 10 चीतों को बसाने की व्यवस्था की है। चीतों के भोजन के लिए अभयारण्य में 150 से अधिक चीतल, 80 से अधिक चिंकारा, 50 से अधिक नीलगाय हैं। यहां पहले से ही हिरणों की अच्छी संख्या है।
यह भी पढ़े : मिशन मोड में हो रहे हैं मध्य प्रदेश के सर्वांगीण विकास के कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
गांधी सागर के रेंजर अंकित सोनी बताते हैं कि 40 प्रशिक्षित स्टाफ चीतों की देखरेख करेगा। प्रशिक्षण कूनो में पूरा हो चुका है। 90 चिता मित्र सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए हैं। वन विभाग ने 16 किलोमीटर का एक क्षेत्र बनाया है, जिसमें इन्हें सुरक्षित रखा जाएगा। पानी की विशेष व्यवस्था की गई है। तालाब बनाए गए हैं।
मंदसौर के डीएफओ संजय रायखरे ने बताया कि गांधी सागर में चीतों की आमद से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वन विभाग और प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव नीमच जिले के रामपुरा होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। वे इस दौरान क्षेत्र में कई विकास योजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे।