रांची। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कांग्रेस भवन में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने मंगलवार को जनता दरबार लगाया।

Also Read : बिहार में मानसून ने दी दस्तक , 20 जून तक पूरे प्रदेश में हो जायेगा सक्रिय
मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को संबंधित समस्याओं के निष्पादन के लिए निर्देश दिया।
मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी के समक्ष कुल 97 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा जिस पर उन्होंने तत्काल पहल करते हुए अधिकारियों से समाधान का रास्ता निकालने को कहा।
जनता दरबार में आए कुल मामलों में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण संबंधित पांच, आपूर्ति विभाग से 12, चिकित्सा से संबंधित 13, रोजगार से संबंधित सात, आपदा प्रबंधन के आठ, राशन कार्ड के 13, स्थानांतरण से संबंधित सात और जमीन संबंधित 22 मामलों के अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष लोगों ने रखा।
जनता दरबार में कई मामलों में मंत्री ने अधिकारियों को सीधे निर्देश दिया गया और कई समस्याओं के समाधान के लिए प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कार्य की प्रगति से अवगत कराने का भी निर्देश दिया।
इन जिलों से पहुंचे फरियादी
जनता दरबार में रांची, गुमला, धनबाद, पलामू, चतरा, गिरिडीह, हजारीबाग और खूंटी सहित विभिन्न जिलों के फरियादियों ने अपनी समस्याओं को रखा।
जनता दरबार के दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि सैकड़ों की संख्या में शिकायतें समस्याएं आई हैं। उन्होंने कहा कि जमीन की समस्याएं अधिक हैं।
सीओ से संबंधित मिली सबसे अधिक शिकायतें
मंत्री ने बताया कि सबसे अधिक प्रखंडों के सीओ से संबंधित शिकायतें मिली हैं। सीओ जमीन माफियाओं प्रश्रय दे रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि अधिकारियों से स्पष्ट रूप से जनहित में कार्रवाई करने को कहा है। इसके अलावा जनता दरबार में पेयजल, थाना, नगर विकास, स्वास्थ्य और खाद्य आपूर्ति सहित कई विभागों से संबंधित शिकायतें मिलीं।
मंत्री ने कहा कि उनका प्रयास है कि समस्याओं का निराकरण हो, वे अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन जनता के लिए करना चाहता हैं। लगभग 90 प्रतिशत समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है कुछ मामलों में तकनीकी अड़चनें हैं उसे समयानुसार दूर कर लिया जाएगा। सभी आवेदन पर हर हाल में कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि जनता दरबार से जनता के साथ संगठन को भी फायदा मिल रहा है। यह अच्छी पहल है। यदि जनता का काम हो तो लोग आते हैं।
यह जानकारी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने दी।


