SAHIBGANJ : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तालबन्ना निवासी करीब 75 वर्षीय फल व्यवसाई विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता की हत्या अज्ञात अपराधियों ने सोमवार की देर रात कर दी। मंगलवार की सुबह पुलिस ने उनके घर के तीसरी मंजिल से टेप से बंधा शव बरामद किया। जानकारी देते हुए मुख्यालय डीएसपी ने बताया कि विश्वनाथ गुप्ता तीसरी मंजिल पर अकेले रहते थे। मकान के नीचे उसका पूरा परिवार रहता था। मंगलवार की सुबह जब परिवारवालों ने फोन पर उससे बात करना चाहा तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। तब सभी घर के तीसरी मंजिल पहुंचे। वहां परिजनों ने विश्वनाथ गुप्ता को टेप से हाथ, पैर बंधा और मुंह पर टेप चिपका फर्श पर पड़ा देखा। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी नगर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता को दी। सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की तहकीकात शुरू की। कुछ देर बाद मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा भी मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली। डीएसपी ने बताया कि चोरी की नीयत से हत्या प्रतीत होता है। चूंकि मृतक अकेले रहते थे इसलिए उनके पास ज्यादा सामान नहीं था, पर उनके गले का सोने का चेन और एक अंगूठी गायब है। घर का सारा सामन बिखरा पड़ा था और अलमारी खुला था। पहली दृष्टि में ऐसा लगता है कि लूटपाट के इरादे से उनकी हत्या की गई होगी। मृतक के भतीजे ने बताया कि भाइयों से सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने विश्वनाथ गुप्ता को बंधे हालत में जमीन पर पाया। पेट छूने से पता चला कि वह ठंडा पड़ा चुके है। तब वे नगर थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। बताया कि मृतक के सर पर चोट भी है और उससे खून निकल रहा था। डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.





