RANCHI: उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला के मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों से कहा है कि वो अपना भौतिक सत्यापन अवश्य करायें। सत्यापन प्रपत्र निःशुल्क है, जो आंगनवाड़ी सेविका से संपर्क कर प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सत्यापन के लिए किसी भी स्तर पर पैसों की मांग किये जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। शुक्रवार को योजना के संबंध में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारियों एवं सीडीपीओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।
यह भी पढ़े : बी-पैक्स इकाइयों की क्रेडिट लिमिट 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख होगी : सीएम योगी
झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में लाभुकों से भौतिक सत्यापन के नाम पर राशि वसूलने की मिल रही शिकायत पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सत्यापन के लिए सेविका या अन्य के द्वारा स्राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित एल एस, सीडीपीओ पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने लाभुकों से योजना अंतर्गत सत्यापन के लिए पैसों की मांग किये जाने पर अबुआ साथी (943032880) या विभिन्न प्रखंडों के लिए बनाये गये अबुआ ग्र्रुप पर जानकारी देने की बात कही। योजना के लाभ को लेकर कई लोग प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। इस पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित पदाधिकारियों को कहा कि झारखण्ड मंईयां सम्मान योजना हेतु जिनका नाम सूची में नहीं है, उन्हें पूरी जानकारी आवश्यक रूप से दें। लोगों को विश्वास और साकारात्मकता के साथ उचित जानकारी प्रदान करें।