पलामू। जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के चराई पंचायत अंतर्गत केरकीकला में प्रेमी युगल का शव फंदे से लटकता मिला। लड़की दो दिनों से लापता थी। इस बीच मंगलवार की सुबह दोनों के शव मिले।
छतरपुर के डीएसपी अजय कुमार ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि युवक की पहचान 20 वर्षीय नागेन्द्र भुइयां और लड़की की पहचान 18 वर्षीय सोनाकली कुमारी के रूप में हुई है। दोनों को रविवार की रात गांव के एक शादी समारोह में अंतिम बार देखा गया था। देर रात दोनों शादी समारोह से गायब हो गए थे।
नागेन्द्र के छोटे भाई के मुताबिक, घर पर दोनों भाइयों के अलावा कोई नहीं था। अन्य लोग शादी समारोह में गए हुए थे। मंगलवार की सुबह उठा तब घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खुलवाने की कोशिश की तो नहीं खुला। उसने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। दरवाजा खोला गया तो देखा गया कि नागेन्द्र और सोनाकली का शव छह की कुंडी से एक ही फंदे पर लटका हुआ था। आनन-फानन में शवों को नीचे उतारा गया। मुखिया की सूचना पर छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमआरएमसीएच में भेज दिया।
जून में होने वाली थी युवती की शादी
युवती सोनाकली के पिता सरयू भुइयां ने एमआरएमसीएच में मंगलवार की दोपहर बताया कि जून में उसकी बेटी की शादी होने वाली थी। एक जून को तिलक जाना था। तीन को मड़वा था और चार को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा से बारात आनी थी। शादी के कार्ड बंट गए थे। सारी तैयारी पूरी कर ली गई थी।