साहिबगंज। देह व्यापार के आरोप में साहिबगंज मंडल कारा में बंद एक महिला की शनिवार की शाम मौत हो गई। महिला की मिर्जाचौकी की रहनेवाली थी। बताया जाता है कि गत 31 मार्च को लोहंडा से देह व्यापार के आरोप में पकड़ी गई थी। उसके साथ तीन अन्य महिलाएं भी पकड़ी गई थी। बताया जाता है कि शनिवार की शाम जेल में उसे मिर्गी का दौरा पड़ा। इसके बाद जेल कर्मी उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी उपायुक्त रामनिवास यादव को दी गई। डीसी द्वारा तैनात मजिस्ट्रेट (कार्यपालक दंडाधिकारी) सविता की मौजूदगी में रविवार को मेडिकल बोर्ड ने उसके शव का पोस्टमार्टम किया गया। मौत की न्यायिक और मजिस्ट्रेट जांच भी होगी।
जेल में महिला की मौत के बाद रविवार को बंदी आक्रोशित हो गए। इसके बाद एसडीओ राहुल, आनंद के नेतृत्व में नगर थाना और जिरवाबाड़ी ओपी की पुलिस पहुंची। बंदियों को समझाया-बुझाया। इसके बाद विवाद शांत हुआ।
उल्लेखनीय है कि जिरवाबाड़ी ओपी क्षेत्र के लोहंडा गांव से 31 मार्च की रात पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में तीन महिला और एक युवती को गिरफ्तार किया था। ओपी से महज दो किलोमीटर की दूरी पर विगत 15 दिन से यह धंधा चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली तो उसने महिला पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद दो-तीन पुरुष भाग गए जबकि चार महिलाएं पकड़ी गई। बताया जाता है कि एक महिला विगत एक माह से किराए पर मकान लेकर रह रही थी। वह बाहर से महिलाओं को बुलाती थी। आरोप लगा था कि इनके जरिए देह व्यापार का धंधा चल रहा था। कमरों से काफी संख्या में आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पकड़ी गई तीन महिलाएं बिहार राज्य के भागलपुर जिला की रहने वाली जबकि एक महिला साहिबगंज की रहने वाली थी।