खूंटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, मतदाता सूची के प्रारूप तथा दावा-आपत्ति से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने एआरओ ए इ आर ओ , बी एल ओ और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़े : मानव तस्करी के खिलाफ बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति : सम्राट चौधरी
उपायुक्त ने 60-खूंटी विधानसभा क्षेत्र के मुरहू प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 239, 240, 241, 245 और 246 तथा 59-तोरपा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 113 का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले मतदाताओं को एसआइआर -2026 की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा उपलब्ध है। वहीं, जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे परिवार के सभी मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त की जाएगी। उन्होंने बी एल ओ एवं संबंधित अधिकारियों को प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
SIR-2026 के तहत 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी ललन कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।





