पलामू। पलामू पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में करीब 320 किलोग्राम गांजा से लदा एक ट्रक जब्त किया है। इस संबंध में पुलिस ने रविवार को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
यह भी पढ़े : प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में की सीतामढ़ी की ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पहल की तारीफ़, मुख्यमंत्री ने जताया आभार
बरामद गांजे की खुदरा बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी को 25 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी-14 एफटी-6583 नंबर का एक ट्रक बिहार की ओर से जपला होते हुए छतरपुर की तरफ भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ल के नेतृत्व में हुसैनाबाद थाना पुलिस और सशस्त्र बल की विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
इसके बाद जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर गम्हरिया के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक के डाले के अंदर विशेष रूप से तैयार किए गए लकड़ी के गुप्त चैंबर से प्लास्टिक के 10 बोरों में छिपाकर रखा गया 320 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद सामग्री के गांजा होने की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार चालक की पहचान राजेश यादव (45) के रूप में हुई है। इस मामले में हुसैनाबाद थाना में दर्ज मामले के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपकोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार यह खेप किसी अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। गांजे के मुख्य स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



