रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना के बीच झारखंड में 27 से 30 अक्टूबर तक मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसके प्रभाव से राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने 27 और 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट, जबकि 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश और आंधी-वज्रपात की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़े : नवजात बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर एसएसपी आवास के बाहर आत्मदाह करने पहुंची महिला हिरासत में
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र फिलहाल श्री विजयपुरम (अंडमान द्वीप समूह) से लगभग 440 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 880 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 980 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 1,080 किलोमीटर पूर्व और बापटला (आंध्र प्रदेश) से 1,150 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।
इसके पहले गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) में बदलने और फिर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 27 अक्टूबर की सुबह तक यह पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और अधिक शक्तिशाली होकर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश तट के निकट पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचने और दोपहर से पहले बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश एवं यनम तटों को पार करने का अनुमान है।
तट पार करते समय हवा की अधिकतम निरंतर गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ इसकी रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से झारखंड में 27 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन विभिन्न जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 30 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना बनी रहेगी, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 12.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आसमान साफ रहा। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस की गई, जबकि दोपहर में धूप निकलने से हल्की गर्मी रही।
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.6 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.5 डिग्री और न्यूनतम 16.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



