PALAMU : जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी फैज खान घायल हो गया। मुठभेड़ पांकी और तरहसी के सीमावर्ती इलाके में हुई, जहां पुलिस को उसके छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी।
दरअसल, गुरुवार की रात पलामू के प्राइवेट बस स्टैंड के पास स्थित शताब्दी मार्केट में गुड्डू खलीफा उर्फ समीर खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में फैज खान और उसके साथियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
पुलिस को सूचना मिली कि फैज खान पांकी-तरहसी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान अपराधियों की ओर से पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में फैज खान के पैर में गोली लग गई।
घायल फैज खान को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मौके से एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि छापेमारी अभियान के दौरान यह मुठभेड़ हुई, जिसमें एक अपराधी घायल हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।