Sahebganj : जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। यह घटना बरहरवा–साहेबगंज रेलखंड के महाराजपुर क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान महाराजपुर निवासी अनिल नोनिया के पुत्र विष्णु नोनिया के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात किसी कारणवश रेलवे ट्रैक के पास मौजूद था, इसी दौरान यह हादसा हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विष्णु नोनिया की मौत हावड़ा–जमालपुर एक्सप्रेस से कटकर हुई। घटना देर रात की है, जबकि शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल रेल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।