Khalari : कोयलांचल क्षेत्र के सीसीएल एन के एरिया स्थित डकरा एवं केडीएच कोयला परियोजना के कोयला खदानो में हो रही तेज ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश उबाल पर है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने सीसीएल प्रबंधन को आवेदन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला खनन के नाम पर इन दिनों मानकों को दरकिनार कर अत्यधिक तीव्रता से हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास के कई गांवों में भय का माहौल बन गया है। उड़िया धौड़ा, चदरा धौड़ा, शिवपुरी, केडी मार्केट, केडी कॉलोनी, प्रगति नगर और जेहली टांड सहित दर्जनों क्षेत्रों के घरों में दरारें पड़ने लगी हैं। ब्लास्टिंग के दौरान पूरे इलाके में तेज कंपन महसूस होता है, जिससे लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है। वहीं भूजल स्तर में गिरावट के कारण कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहराने लगा है।झामुमो प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा, “जनता की जान-माल से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ब्लास्टिंग की तीव्रता कम नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर परियोजना को बंद कराने के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त, सीसीएल के शीर्ष प्रबंधन, परियोजना पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को भी आवेदन की प्रतिलिपि भेजी गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल खत्म हो सके।
डकरा-केडीएच में धमाकों से हड़कंप, घरों में दरारें, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
Previous Articleतपोवन मंदिर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रामनवमी उत्सव के लिए किया आमंत्रित
Next Article रिजर्व बैंक का ‘जादू’ छात्रों के लिए खास पहल बना



