पलामू। पलामू समाहरणालय में बुधवार दोपहर आयोजित एक समारोह के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आइडीबीआई बैंक के सीएसआर फंड से 10 दिव्यांगों के बीच ट्राई स्कूटी का वितरण किया। स्कूटी की प्रतिकात्मक चाभी वित्त मंत्री के अलावा जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सदर एसडीओ अभिषेक पांडे और बैंक के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दिया।
यह भी पढ़े : झारखंड में मानसून सुस्त, 15 जुलाई तक सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश दर्ज
मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 10 पेट्रोल चालित दिव्यांग तीन पहिया वाहनों का वितरण किया गया। इन वाहनों के मिलने से शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को आवागमन में काफी सुविधाएं मिलेगी।
वित्त मंत्री ने झारखंड सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनआकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रयासरत हैं। पलामू सहित पूरे राज्य में विधायिक-कार्यपालिका के बेहतर तालमेल से विकास तेजी से किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि गुजरात, मुम्बई, केरल की तरह झारखंड में भी बैंक सीडी रेसियो को बढाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के पास अपना राजस्व होता है। इसके अलावा केन्द्रीय करो में भी राज्य की हिस्सेदारी होती है, लेकिन मैं मानता हूं कि तीसरा स्त्रोत हमारे बैंकर्स होते हैं। बैंकों के माध्यम से भी प्रदेश का विकास किया जा सकता है। इसके लिए सीडी रोसियो को बढाने की जरूरत है। वे शुरू से ही इसके पक्षधर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि बैंकर्स का एनुवल प्लान एक से डेढ लाख करोड़ का होता है। इस बीच एक चीज का घोर आभाव था कि सीएसआर फंड कहां खर्च हो रहा है? इसकी जानकारी वित्त विभाग के पास नहीं थी। लेकिन अब सिर्फ बैंकर्स नहीं, बल्कि बड़ी-बड़ी कंपनियां सीएसआर की राशि कहां खर्च कर रही हैं, इसकी जानकारी ली जा रही है।
वर्तमान मौसम पर चिंता व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पलामू के उपायुक्त मानवता के साथ साथ संवेदनशीलता भी दिखा रहे हैं। उपायुक्त ने मुलाकात के दौरान कहा कि इस वर्ष बारिश नहीं होने के कारण विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि अबतक बिचड़े भी नहीं लगाए गए हैं। मौसम को देखते हुए सूखे से निपटने के लिए अभी से चिंतित हैं।
जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन समाज के वंचित वर्ग दिव्यांगों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दिव्यांगों को कहीं जाने में या कार्य करने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए सीएसआर फंड से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को लाभ दिया गया।
इनको दी गयी स्कूटी
छतरपुर प्रखंड के बगैया पंचायत के बंधूडीह के लालू यादव, छतरपुर के बृजकिशोर सिंह, छोटे लाल साव, गुलाबझरी लक्ष्मीपुर के संतन माली, पाटन प्रखंड के बंगलापर पाल्हे के उमत रसूल, गाड़ीखास के मुरकटवा के रामप्रवेश मेहता, पाल्हेकला के कुंदरी के धीरेन्द्र कुमार, बरसैता के अशोक कुमार सिंह, पड़वा प्रखंड के रजहारा पंचायत के सहदेवा के राकेश कुमार बैठा एवं रजहारा के बिरहोरी के सुरेश पासवान को ट्राई स्कूटी दी गयी।




