रांची। झारखंड में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही है। एक जून से 15 जुलाई तक राज्य में सामान्य से 41 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। कम बारिश के कारण कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने 19 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़े : हिमांशु हत्याकांड में दो और आरोपित गिरफ्तार, सभी 16 आरोपित पुलिस गिरफ्त में
मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक वर्षा दुमका और सरायकेला-खरसावां जिलों में दर्ज की गई। दुमका में सामान्य 355.4 मिलीमीटर के मुकाबले 300.1 मिलीमीटर तथा सरायकेला-खरसावां में सामान्य 335.2 मिलीमीटर की तुलना में 263.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 21 प्रतिशत कम है।
इसके विपरीत गढ़वा जिले की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक रही। यहां सामान्य 276.4 मिलीमीटर वर्षा के मुकाबले केवल 56.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से लगभग 80 प्रतिशत कम है। यह राज्य में सबसे अधिक वर्षा घाटे वाला जिला बन गया है।
राजधानी रांची में भी अब तक सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बुधवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बाद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 19 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। यदि पूर्वानुमान के अनुरूप अच्छी बारिश होती है तो राज्य में वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है और खरीफ फसलों की बुआई सहित कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी।




