पटना। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संपूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर गुरुवार काे लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि दी। राजधानी पटना स्थित गांधी मैदान के समीप आयोजित राजकीय समारोह में उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर जयप्रकाश नारायण को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान संपूर्ण क्रांति आंदोलन की ऐतिहासिक विरासत को याद किया गया, जिसे 5 जून 1974 को जयप्रकाश नारायण ने शुरू किया था।
यह भी पढ़े : एनडीए सरकार जेपी के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध: सम्राट चौधरी
समारोह के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने एक साथ मंच साझा करते हुये जयप्रकाश नारायण को नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने संपूर्ण क्रांति के संदेश को दोहराते हुए युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूक और सक्रिय रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संपूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर संपूर्ण क्रांति के महानायक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी को सादर नमन।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल सहित कई कैबिनेट मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और नेताओं की उपस्थिति रही। संपूर्ण क्रांति दिवस हर साल 5 जून को मनाया जाता है, जो जेपी आंदोलन की शुरुआत की याद दिलाता है। इन दिन को राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।