जमशेदपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झारखंड प्रांत द्वारा आयोजित संघ शिक्षा वर्ग के अंतर्गत शुक्रवार को सायं 5 बजे स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन (रूट मार्च) आयोजित किया गया। इस संचलन में संघ शिक्षा वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 302 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
यह भी पढ़े : कांग्रेस ने जेएमएम कार्यकर्ताओं के भावनाओं को ठेस पहुंचाया : सुप्रियो भट्टाचार्य
पथ संचलन के लिए स्वयंसेवक मानगो स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में एकत्रित हुए। गणवेश परीक्षण के उपरांत ध्वजारोहण किया गया तथा भारत माता के वंदना स्वरूप संघ प्रार्थना संपन्न हुई। इसके पश्चात घोष दल के साथ अनुशासित पंक्तियों में पथ संचलन प्रारंभ हुआ।
संचलन ट्रांसपोर्ट नगर से प्रारंभ होकर राजस्थान भवन तक गया तथा निर्धारित मार्ग से पुनः ट्रांसपोर्ट नगर लौटकर संपन्न हुआ। संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकात्मता एवं राष्ट्रसेवा की भावना का प्रेरणादायी प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से उपस्थित सज्जन नागरिकों ने स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। संचलन के प्रति नागरिकों में विशेष उत्साह एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने नागरिकों द्वारा किए गए स्वागत एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा कहा कि संघ शिक्षा वर्ग के माध्यम से स्वयंसेवकों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, संगठन क्षमता एवं सेवा भाव का विकास किया जाता है। इस वर्ग का समापन आगामी 10 जून 2026 को होगा।




