खूंटी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को खूंटी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पौधारोपण के महत्व पर लोगों को जागरूक किया गया।
यह भी पढ़े : जमीन म्यूटेशन से नाराज युवक चढ़ा टावर पर अंचलाधिकारी को बुलाने की मांग
कार्यक्रम की शुरुआत सिविल सर्जन सभागार में आयोजित एक गोष्ठी से हुई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के लगातार दोहन के कारण पर्यावरणीय चुनौतियां गंभीर होती जा रही हैं, जिनसे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
डॉ. पाठक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण करने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
गोष्ठी के उपरांत स्वास्थ्य विभाग की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
इसके बाद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित विकास से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी (डीआरसीएचओ) डॉ. शोभा किस्पोट्टा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) कानन बाला तिर्की, डीडीएम-आईडीएसपी विश्वमोहन प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




