रांची। झारखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कभी बारिश तो कभी कड़ी धूप निकली रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची मौसम केंद्र की मानें तो राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 17 से 21 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी ।
यह भी पढ़े : 25 लाख का इनामी हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार
शुक्रवार को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग और रामगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। 18 जुलाई को भी रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और रामगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। जबकि 19 और 20 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
21 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। लेकिन राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम बदलने से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। वज्रपात और तेज हवा के समय सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें।




