खूंटी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, रांची के दिशा-निर्देश पर मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों की सुविधा के लिए बुधवार से तोरपा प्रखंड में हेल्प डेस्क कैंप का संचालन शुरू किया गया है। प्रखंड में तोरपा ब्लॉक मुख्यालय और एसएस हाई स्कूल, तपकरा में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के साथ-साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह भी पढ़े : झारखंड में आठ और नौ अक्टूबर को वज्रपात के साथ तेज हवा चलने का येलो अलर्ट
हेल्प डेस्क का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में सहायता करना है, जिन्होंने अब तक नए मतदाता के रूप में निबंधन के लिए आवेदन नहीं किया है। इसके अलावा एसआइआर 2026 के तहत नो मैपिंग और अन्य विसंगतियों वाले मामलों में आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई के संबंध में भी नागरिकों को जानकारी दी जा रही है।
हेल्प डेस्क की सुविधा बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) के लिए भी उपलब्ध है। नागरिकों से प्राप्त फॉर्म 6 को ऑनलाइन डिजिटाइज करने में तकनीकी या अन्य कठिनाई होने पर बीएलओ यहां प्रतिनियुक्त कर्मियों की सहायता ले सकते हैं और आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नवीन चंद्र झा और अंचल अधिकारी-सह-अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी पूजा बिन्हा ने दोनों हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कर्मियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित सभी पात्र नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने सभी बीएलओ को भी निर्देश दिया कि फॉर्म 6 के ऑनलाइन डिजिटाइजेशन में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क का समुचित उपयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में निबंधन से वंचित न रहे।


