रांची। होली के रंग में इस बार बारिश खलल डाल सकती है। झारखंड में आठ मार्च को होली का त्योहार मनाया जायेगा। इसके पहले राज्य के एक दर्जन जिलों में बारिश होने का अनुमान है। रांची मौसम विभाग ने आठ-नौ मार्च को बारिश होने की संभावना जतायी है।
सात और आठ मार्च को रांची, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला सहित 12 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही राजधानी रांची में सहित झारखंड के दक्षिणी, पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में छह, सात और आठ मार्च को आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे। रांची के न्यूनतम तापमान में बदलाव हो सकता है। रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सलियस है। आने वाले दिनों में तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास स्थित मौसम केंद्र ने मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें बताया है कि आठ मार्च को झारखंड के पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी तथा उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा हो सकती है। इससे पहले छह मार्च को झारखंड के दक्षिणी, पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे।
उत्तरी-पूर्वी भागों में आसमान साफ रहेगा। साथ ही इस हिस्से में यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले में छह मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान छह मार्च को 32 डिग्री सेंटीग्रेड, सात मार्च को 30 डिग्री और आठ मार्च को 31 डिग्री सेंटीग्रेड रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में राज्य का अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया है। जमशेदपुर का पारा 36.6 और डालटेनगंज का 36.4 डिग्री तक पहुंच गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सिमडेगा का रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची, जमशेदपुर, डालटेनगंज, बोकारो और चाईबासा का अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों सामान्य से अधिक हो गया है।