पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र में जॉगर्स पार्क के पास रहने वाले 21 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
यह भी पढ़े : झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह किसी मामूली बात को लेकर प्रदीप राम को उसकी मां ने हल्की डांट लगा दी थी। इस बात से वह मानसिक रूप से आहत हो गया और गुस्से में अपने कमरे में चला गया। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य नाराजगी समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन जब काफी समय तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और प्रदीप ने किसी भी आवाज का जवाब नहीं दिया, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका से घबराकर परिजनों ने आखिरकार दरवाजा तोड़ दिया।
दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। प्रदीप कमरे में फंदे से लटका हुआ था। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गए, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। टीएमएच कैंप में तैनात पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।




