गुमला। जिले के चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय स्थित प्रेम नगर में बादल टोप्पो ने बुधवार की सुबह अपनी ही पत्नी प्रतिभा टोप्पो की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद बादल टोप्पो साक्ष्य छिपाने की नीयत से पत्नी के शव को ऑटो में लाद कर गुमला खड़ियापाड़ा ले गया और आनन-फानन में शव को दफनाने का प्रयास कर रहा था। प्रतिभा टोप्पो का शव निवस्त्र था और एक पैर टूटा हुआ था। चैनपुर के थाना प्रभारी सुदामा राम को इसकी भनक लगी और उन्होंने इसकी सूचना गुमला पुलिस को दी। गुमला पुलिस ने मौके पर ही बादल टोप्पो को धर दबोचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। दोनों पति- पत्नी खड़ियापाड़ा गुमला के रहने वाले हैं और वे पिछले पांच साल से प्रेम नगर में किराये के मकान में रहते हैं। बादल टोप्पो मजदूरी का काम करता है। बताया जाता है कि पत्नी के साथ मारपीट करने के दौरान बादल टोप्पो का एक सहयोगी भी मौजूद था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



