- झारखंड ने उद्योग, प्रौद्योगिकी और पर्यटन क्षेत्रों में ₹99,000 करोड़ से अधिक का निवेश आकर्षित किया
नई दिल्ली, रांची। राष्ट्रीय हितधारक परामर्श के समापन सत्र के दौरान आज झारखंड सरकार ने राज्य के आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य को बदलने की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाई है। इस ऐतिहासिक अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में कुल 14 सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके माध्यम से राज्य में *₹99,639 करोड़ का भारी-भरकम प्रस्तावित औद्योगिक निवेश आकर्षित हुआ है।
उद्योग विभाग के अंतर्गत देश की अग्रणी कंपनियों के साथ ऐतिहासिक निवेश समझौतों को अंतिम रूप दिया गया। इनमें मुख्य रूप से मेसर्स जिंदल स्टील लिमिटेड द्वारा ₹40,000 करोड़ और मेसर्स जिंदल न्यूक्लियर पावर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ₹30,000 करोड़ के निवेश समझौते शामिल हैं। ये विशाल निवेश झारखंड की विकास क्षमता और राज्य सरकार की नीतियों के प्रति निवेशकों के अटूट विश्वास को दर्शाते हैं।
प्रौद्योगिकी और ई-गवर्नेंस में नया सवेरा
राज्य के डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र और शासन ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए तकनीकी दिग्गजों के साथ रणनीतिक साझेदारी की गई है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग के तहत मेसर्स गूगल क्लाउड और वाधवानी ग्रुप के साथ प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचे के विस्तार और ई-गवर्नेंस पहलों को बढ़ावा देने के लिए औपचारिक समझौते किए गए।
पर्यटन और नागरिक आउटरीच को बढ़ावा
पर्यटन के क्षेत्र में राज्य की समृद्ध विरासत और संभावनाओं को तलाशने के लिए अभिनव सहयोग की शुरुआत की गई है। इसके तहत मेसर्स टाटा मोटर्स के साथ ‘माइनिंग टूरिज्म’ (खनन पर्यटन) को बढ़ावा देने के लिए और मेसर्स ईजमाईट्रिप प्लानर्स के साथ पर्यटन संवर्धन तथा आगंतुकों (पर्यटकों) तक व्यापक पहुंच बढ़ाने के लिए रणनीतिक साझेदारी स्थापित की गई है। ये साझेदारियां निवेश को बढ़ावा देने, नवाचार को गति देने और झारखंड को उद्योग, प्रौद्योगिकी तथा सतत पर्यटन के लिए देश के एक अग्रणी गंतव्य के रूप में स्थापित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।
ये सभी ऐतिहासिक समझौते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुए। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण और शीर्ष अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिनमें, मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह शामिल थे।
राज्य सरकार की ओर से संबंधित विभागों के सचिवों—सूचना प्रौद्योगिकी सचिव पूजा सिंघल, उद्योग सचिव अरवा राजकमल और पर्यटन सचिव मुकेश कुमार तथा संबंधित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने समझौतों पर हस्ताक्षर कर इस नए औद्योगिक युग की शुरुआत की।यह ऐतिहासिक कदम झारखंड को प्रगति, रोजगार सृजन और तकनीकी विकास के एक नए पथ पर ले जाएगा।




