खूंटी। खूंटी जिले में पिछले चार पांच दिनों से हो रही लगातार बारिश गरीबों के सिर से छत छीनने लगी है। मुरहू प्रखंड की गानालोया पंचायत स्थित घाघरा गांव में बारिश के कारण जमीन धंसने और पानी निकलने से मजदूर राम मुंडा का कच्चा मकान रविवार की रात भरभराकर गिर गया। इस घटना के बाद राम मुंडा अपनी वृद्ध मां और दो छोटे बच्चों के साथ पूरी तरह बेघर हो गए हैं।
यह भी पढ़े : रांची में शराब पार्टी के दौरान चली गोली, एक घायल
पीड़ित राम मुंडा पेशे से मजदूर हैं और किसी तरह मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं। वे इसी मिट्टी के मकान में अपनी मां और बच्चों के साथ रहते थे। लगातार हो रही बारिश से पहले मिट्टी की दीवारें सीलन से कमजोर हुईं और फिर जमीन के भीतर से पानी निकलने के कारण मकान का ढांचा पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
आशियाना छिन जाने के बाद इस गरीब परिवार के सामने सिर छुपाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। राम मुंडा फिलहाल अपनी वृद्ध मां और बच्चों को लेकर अपने भाई हिंदी मुंडा के घर में अस्थायी रूप से शरण लेने की तैयारी कर रहे हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और चिंता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवार को तुरंत राहत सामग्री, सूखा राशन और तिरपाल उपलब्ध कराने की मांग की है।
साथ ही, मांग की गई है कि:
पीड़ित परिवार को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी आवास योजना (प्रधानमंत्री आवास या अबुआ आवास) से जोड़ा जाए।
नया घर बनने तक परिवार को किसी खाली पड़े सरकारी भवन में रहने की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि राम मुंडा की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे स्वयं नया मकान बना सकें। यदि प्रशासन ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया, तो इस बेबस परिवार को खुले आसमान के नीचे दिन काटने पड़ेंगे।



