Ranchi : रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर करीब दो बजे रात शराब पार्टी के दौरान गोलीबारी हुई. यह गोलीबारी किसी अपराधी ने नहीं शराब पीने के दौरान आपस में हुए विवाद के बाद हुई हैं. इस घटना में टोनी लोहरा नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली युवक के पेट में लगी है. घायल युवक टोनी लोहरा मूल रूप से कमड़े (रातू) का रहने वाला है. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे रिम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बरियातू का मंडा बगीचा इलाका असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है. रविवार देर रात भी यहां कई युवक जमा होकर शराब पी रहे थे. इसी बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद बढ़ गया और अचानक गोली चलने की आवाज आई. जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक घटना को अंजाम देकर अन्य युवक फरार हो चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी और बरियातू थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोलीबारी में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है.



