Ranchi : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात को झारखंड में पर्यटन और खेल विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड पर्यटन का ब्रांड एंबेसडर बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।
यह भी पढ़े : बैंक कर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मुलाकात के दौरान राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने, खेलों के आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। झारखंड सरकार पिछले कुछ समय से धोनी के अनुभव और उनकी वैश्विक पहचान का उपयोग राज्य के खेल और पर्यटन विकास में करने की योजना पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि धोनी जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के जुड़ने से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अचानक मिलने पहुंचे, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मुलाकात की तस्वीर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा “माही से अचानक मिलन हुआ।” तस्वीर में मुख्यमंत्री, विधायक कल्पना सोरेन और महेंद्र सिंह धोनी एक साथ नजर आ रहे हैं।






