New Delhi : वर्ष 2002 में रिलीज हुए रीमेक सॉन्ग ‘कांटा लगा’ से फेमस हुईं मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। 27 जून की रात 11 बजे शेफाली को सीने में दर्द की शिकायत हुई। पति पराग त्यागी उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। शेफाली के मेकअप आर्टिस्ट ने निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। मामले पर परिवार ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

जानकारी के मुताबिक, रात 1 बजे शेफाली के घर मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। जो अब तक घर के अंदर मौजूद है और जांच कर रही है। घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इससे पहले रात में शेफाली के घर काम करने वाली कुक और मेड से भी पूछताछ की जा चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस के अधिकारी ने शेफाली के पति पराग त्यागी का बयान उनके घर पर ही दर्ज किया है। पुलिस लगातार इस मामले में पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस अब तक 4 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है।


