कानपुर: मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही पर नगर आयुक्त अरपित उपाध्याय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि काम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्था को एक सप्ताह के भीतर दोनों मशीनों से सड़क के दोनों ओर एक साथ काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर प्रतिदिन एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर आयुक्त शुक्रवार देर रात चिड़ियाघर के पास मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने काम की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से अब तक हुए निर्माण की जानकारी ली।
5400 मीटर फुटपाथ का होना है निर्माण
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बताया कि परियोजना के तहत कुल 5400 मीटर फुटपाथ का निर्माण किया जाना है। लेकिन अब तक एक तरफ करीब 1750 मीटर सड़क निर्माण का काम ही पूरा हुआ है। वहीं, 2000 मीटर क्षेत्र में यूटिलिटी से जुड़े काम पूरे किए गए हैं।
काम की धीमी प्रगति को देखते हुए उन्होंने मुख्य अभियंता को संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ चेतावनी पत्र जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि एक सप्ताह के भीतर दोनों मशीनों से सड़क के दोनों ओर समानांतर काम शुरू किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
20 दिसंबर 2026 तक पूरा करना होगा काम
नगर आयुक्त ने पूरी परियोजना को 20 दिसंबर 2026 तक पूरा करने की समयसीमा तय की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तय समय के भीतर सभी काम हर हाल में पूरे किए जाएं। निर्माण की गुणवत्ता और काम की रफ्तार पर नियमित नजर रखी जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित संस्था और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रात में भी होगा निर्माण कार्य का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रिड योजना शासन की प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसलिए इसके काम में देरी या गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जा सकता। निर्माण कार्य की स्थिति जानने के लिए रात में भी निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा औचक दौरे भी जारी रहेंगे, ताकि काम तय समयसीमा के अंदर पूरा कराया जा सके।




