पलामू। पलामू जिले में एक करोड़ की हथिनी चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। महावत हथिनी को लेकर फरार हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि हथिनी में एक चिप लगा हुआ है, जिसके आधार पर वन विभाग और पुलिस की टीम ट्रेस करने में जुटी है। इस सिलसिले में उतरप्रदेश के मिर्जापुर के विंध्याचल के नदिनी के रहने वाले नरेंद्र कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को मेदिनीनगर सदर थाना में मामला दर्ज कराया है।
यह भी पढ़े : सरकारी अस्पताल से बाहर निजी प्रैक्टिस करनेवाले डॉक्टरों पर गिरेगी गाज : मंत्री
नरेंद्र ने पुलिस को बताया है कि संगम लाल नामक ब्यक्ति से जयमति नामक एक हथिनी जिम्मेनामा पर मिला था। उनके गांव के इलाके में खाने पीने की व्यवस्था नहीं थी जिस कारण वह हथिनी को लेकर झारखंड पहुंचे थे। उन्होंने हथिनी की देखभाल की जिम्मेवारी मिर्जापुर के रहने वाले मुन्ना पांडेय एवं मिर्जापुर चुनार के निवासी मुन्ना पाठक को सौंपी थी। दोनों की दोस्ती एक अन्य हाथी के मालिक ताड़केश्वर नाथ के साथ हुई।
दोनों हाथिनी को लेकर पलामू के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके में पहुंचे थे। नरेन्द्र ने बताया कि 11 अगस्त को वे पलामू पहुंचे। जोरकट की इलाके में उसे हथिनी और महावत मिले। 13 अगस्त को वह वापस पलामू के जोरकट पहुंचे तो देखा कि हथिनी और महावत दोनों गायब हैं। उन्होंने पलामू सहित झारखंड के कई इलाकों में हथिनी की खोजबीन की, लेकिन ना हथिनी मिली ना ही महावत। अंत में उन्होंने एक माह बाद प्राथमिकी दर्ज करायी।
सदर थाना प्रभारी लालजी ने शनिवार को बताया कि नरेंद्र शुक्ला ने पुलिस को बताया है कि हथिनी की कीमत एक करोड़ रुपये है। छानबीन की जा रही है और एफआईआर दर्ज की गयी है। हथिनी में चिप लगे होने की जानकारी वन विभाग को दी गयी है, जिसके आधार पर हथिनी का लोकेशन पता किया जा रहा है।