PATNA: सूबे के सभी सरकारी स्कूलों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन को लेकर जारी राज्य सरकार के आदेश का भाजपा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने इसे राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को पुनर्जीवित करने वाला निर्णय बताया।
यह भी पढ़े : रामनवमी पर एसटीएफ डीआईजी ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
गुरुवार को जारी बयान में डॉ. चौरसिया ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम की वह अमर चेतना है जिसने करोड़ों भारतीयों के हृदय में स्वराज की अलख जगाई थी। स्कूलों में इसके नियमित गायन से आने वाली पीढ़ी में अपनी जड़ों के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना और अधिक प्रगाढ़ होगी। यह फैसला बच्चों के चारित्रिक निर्माण में भी सहायक सिद्ध होगा। विधायक ने साफ किया कि वंदे मातरम् का गायन किसी जाति या धर्म से परे राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
डॉ. चौरसिया ने विश्वास जताया कि इस पहल से स्कूलों के वातावरण में सकारात्मकता आएगी और छात्रों में अनुशासन एवं राष्ट्रीय गौरव का संचार होगा।




