पूर्वी सिंहभूम। रामनवमी पर्व और झंडा विसर्जन यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
यह भी पढ़े : रामनवमी को लेकर रांची में अलर्ट, डीजीपी ने की शहर की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के डीआईजी इंद्रजीत महथा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में डीआईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
बैठक के बाद डीआईजी इंद्रजीत महथा ने पुलिस अधिकारियों के साथ झंडा यात्रा के निर्धारित मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूट पर पड़ने वाले भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील इलाकों और संभावित अवरोधों का जायजा लिया और मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि झंडा यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
साथ ही निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को भी पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, ताकि पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।




