रांची। राजधानी में बदमाशों का हौसला बुलंद है। फरवरी माह में बदमाशों ने शहर एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में हत्या, लूट और छिनैती की पांच वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब तक किसी भी आरोपित को गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि 26 फरवरी को डोरंडा थाना क्षेत्र के मछली घर के समीप बाइक सवार बदमाशों ने मुकेश यादव नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। इसी दिन नगड़ी थाना क्षेत्र के नारों हाई स्कूल रोड निवासी होटल सैफरॉन के मालिक होटल व्यवसायी अशरफ अंसारी पर बदमाशों ने गोली चलाई। गोली कांड के बाद बदमाश भाग निकलने में कामयाब रहे। हालांकि, गोली व्यवसायी के स्कॉर्पियो में लगी थी। इतना ही नहीं 26 फरवरी को ही गोंदा थाना क्षेत्र के टिकली टोली में एक दंपति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस मामले में भी पुलिस के हाथ अब तक कुछ नहीं लगा है।
इसके अलावा 24 फरवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र में बदमाशों ने हथियार के बल पर सेवा सदन के समीप स्थित जैन मेडिकल स्टोर में लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने इस घटना में छह हजार रुपये लूट लिए थे। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की थी, जिसमें गोली मेडिकल स्टोर के कर्मचारी के पैर में लगी थी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश आसानी से भाग निकलने में सफल रहे।
इसी तरह 12 फरवरी को रांची के रातू थाना क्षेत्र में बदमाशों ने राजस्व कर्मचारी सत्य प्रकाश श्रीवास्तव को गोली मार दी थी। राजस्व कर्मचारी की इलाज के दौरान दिल्ली के एम्स में मौत हो गई। पुलिस अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि इन मामलों की जांच जारी है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Follow our Facebook Page 👉
Follow Us
Follow us on X (Twitter) 👉
Follow Us
Follow our Instagram 👉
Follow Us
Subscribe to our YouTube Channel 👉
Subscribe Now
Join our WhatsApp Group 👉
Join Now
Follow us on Google News 👉
Follow Now