Kaithal। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Chief Minister Manohar Lal Khattar) शनिवार को भाजपा के कपिल कमल कार्यालय में पहुंचे। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी से आए नेताओं को मंच पर भाजपा का पटका पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया। मुख्यमंत्री ने पूंडरी के पूर्व विधायक दिनेश कौशिक, आम आदमी पार्टी के नेता राम प्रताप गुप्ता,महंत राजेंद्र गिरी व पूर्व डीजीपी बीएस सिंधु को पटका पहनकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Chief Minister Manohar Lal Khattar) ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजाद हिंद फौज बनाकर और दूसरे नेताओं ने गांधी जी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों को भगाया। अंग्रेजों के जाने के बाद गांधी जी ने कहा था अब कांग्रेस का लक्ष्य पूरा हो चुका है। अब कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए। उस समय उनके विचार दूसरा था कि अब देश की जनता को सोचना चाहिए कि वह देश को कैसे चलाएगी। अब एक ही परिवार ने देश की सत्ता पर कब्जा कर लिया और कब्ज़ा छोड़ा नहीं। इसके बाद 1951 में जनसंघ का गठन इस लिए हुआ कि सरकार पर लगाम लगाने के लिए एक मजबूत विपक्ष का भी होना जरूरी है। इससे पहले सरकार माने कांग्रेस और कांग्रेस माने सरकार होता था। पहली बार जनसंघ के तीन सांसद चुनकर आए तब लोगों को पता लगा कि देश में कांग्रेस के अलावा कोई दूसरी सरकार भी बन सकती है।
10 मार्च के बाद कभी भी हो सकती है लोकसभा चुनाव की घोषणा
सीएम मनोहर लाल (Chief Minister Manohar Lal Khattar) ने कहा कि अब की बार देश में भारतीय जनता पार्टी ने 370 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। एनडीए ने 400 पार का लक्ष्य तय किया है। जो कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव है। देश में 10 मार्च के बाद कभी भी लोकसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। इसलिए हर कार्यकर्ता अपना लक्ष्य तय करके भाजपा को 370 सीट जीतने के लक्ष्य को पूरा करने में जुट जाए। इस मौके पर सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी, राज्य मंत्री कमलेश ढा़ंडा, हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर मौजूद रहे।