रांची : राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के नये निदेशक का प्रभार दिपेन्द्र कुमार सिन्हा को दिया गया है। वे अगले आदेश तक वे निदेशक का पदभार संभालेंगे। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) के निदेशक पद को लेकर महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार रिम्स के सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ दिपेन्द्र कुमार सिन्हा को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक रिम्स के निदेशक का प्रभार सौंपा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि कार्यकारी व्यवस्था के तहत डॉ सिन्हा को यह जिम्मेदारी दी गई है। आदेश पर विभागीय सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति प्राप्त है।
डॉ दिपेन्द्र कुमार सिन्हा वर्तमान में रिम्स के सर्जरी विभाग में प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के बाद अब संस्थान के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय को रिम्स के प्रशासनिक संचालन को सुचारू बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिसूचना के अनुसार यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। यहां बता दें कि इससे पहले डॉ राजकुमार ने निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। स्वास्थ्य विभाग ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। वहीं रिम्स में सीआईडी की दो टीमों ने इनसे अलग-अलग मामलों में जांच और पूछताछ की है। गौरतलब है कि बुधवार को सीआईडी की एक टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में एडमिशन लेने के मामले की जांच की। वहीं दूसरी टीम ने संस्थान में सफाई कार्य से जुड़े टेंडर में कथित अनियमितताओं को लेकर जानकारी जुटाई।




