रांची। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जिससे दिन में गर्मी का असर महसूस किया जाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बदलाव संभव है।
यह भी पढ़े : बोर्ड परीक्षाओं को लेकर रांची में ट्रैफिक व्यवस्था सख्त, सुबह 8 बजे से तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, चाईबासा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जमशेदपुर और डालटेनगंज में क्रमशः 32.1 और 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब और आसपास के इलाकों में भी निम्न दबाव की स्थिति बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों का असर झारखंड सहित उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का एहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे और वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन गर्म और रात अपेक्षाकृत ठंडी बनी रह सकती है।
मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 9.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 और न्यूनतम 12.1 डिग्री, चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 12.6 डिग्री, खूंटी में 28.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री, लोहरदगा में 26.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, लातेहार में अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री एवं सरायकेला में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


